

ऋषिकेश, 18 जनवरी(दिलीप शर्मा): पुष्कर मंदिर रोड स्थित समस्त व्यापारीगण एवं पल्लेदार संघ की ओर से आयोजित चार दिवसीय श्री राम जन्मभूमि महोत्सव का शुभारंभ आज विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। उद्घाटन अवसर पर भगवान श्री राम परिवार सहित हनुमान जी का श्रद्धापूर्वक पूजन किया गया।

महोत्सव की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला की अध्यक्षा श्रीमती नीलम बिजलवान रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्री राम हमारे आराध्य हैं और उनके जीवन से हमें नीति, धर्म तथा रामराज्य की स्थापना के आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने इस धार्मिक आयोजन के लिए व्यापारी संगठन एवं पल्लेदार संघ का आभार व्यक्त किया।
आयोजन से जुड़ी जानकारी देते हुए मधुसूदन अग्रवाल, प्रवीण कुमार एवं यश कालरा ने बताया कि यह महोत्सव चार दिनों तक चलेगा। इस दौरान सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
22 जनवरी को समस्त नगरवासियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
यश कालरा ने बताया कि 22 जनवरी की शाम 6 बजे आरती, रंग उत्सव, फूलों की होली तथा अयोध्या में होने वाले भव्य महोत्सव की तर्ज पर आतिशबाजी का कार्यक्रम भी रखा गया है।
महोत्सव में पूजन एवं संचालन आचार्य रामकृष्ण पोखरियाल एवं पं. शुभम बहुगुणा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विपिन शेट्टी, सामाजिक कार्यकर्ता श्री मदन शर्मा, मद्दी भाई, अनिल कोहली, राजीव मोहन, श्री राधे साहनी, अग्रवाल, यश कालरा, मधुसूदन अग्रवाल, राजेश मौर्य, रतन गोयल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहयोग प्रदान किया।









