ऋषिकेश–चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर 1 फरवरी तक आवागमन रहेगा बाधित
नरेन्द्रनगर के बगडघार क्षेत्र में भूस्खलन प्रभावित स्थल पर मरम्मत कार्य, तय समय पर रहेगा मार्ग बंद


नरेन्द्रनगर, 19 जनवरी(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश–चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 पर आगामी 1 फरवरी 2026 तक यातायात बाधित रहेगा। नरेन्द्रनगर के बगडघार क्षेत्र में भूस्खलन से प्रभावित स्थल पर मरम्मत एवं सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं, जिसके चलते मार्ग को प्रतिदिन निर्धारित समयावधि में बंद रखा जाएगा।
लोक निर्माण विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 के लोकेशन 4 किमी 21.900 से 22.070 के बीच बगडघार (नरेन्द्रनगर) में कार्य गतिमान है। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग को प्रतिदिन विभिन्न समयों पर अस्थायी रूप से बंद किया जाएगा।
मार्ग बंद रहने का समय इस प्रकार रहेगा—
- दोपहर 12:30 बजे से 01:30 बजे तक
- दोपहर 02:15 बजे से 03:15 बजे तक
- सायं 04:15 बजे से 05:30 बजे तक
- रात्रि 10:30 बजे से प्रातः 04:30 बजे तक
कोतवाली नरेन्द्रनगर ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सारणी का पालन करें तथा मार्ग बंद रहने की अवधि में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। पुलिस प्रशासन ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की है।









