
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा)16 अक्टूबर : गुरुवार की सुबह लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा उस समय हो गया जब निर्माणाधीन बजरंग सेतु से एक युवक गंगा नदी में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया गया।
थाना लक्ष्मण झूला पुलिस के अनुसार, समय करीब 10:10 बजे सूचना प्राप्त हुई कि बजरंग सेतु से एक व्यक्ति नीचे गंगा नदी में गिर गया है। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि तीन युवक—हेमंत सोनी (31 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय आनंद सोनी, अमित सोनी पुत्र विनोद सोनी, तथा अक्षत सेठ पुत्र अरविंद सेठ—तीनों निवासी कटवारिया सराय, हौज खास, दिल्ली—निर्माणाधीन पुल पर घूमने आए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर घूमते समय अचानक हेमंत सोनी का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गंगा में गिर गया। घटना से उसके साथियों में हड़कंप मच गया, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और SDRF की टीम को बुलाया गया। वर्तमान में SDRF द्वारा गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।









