गार्गी चेरिटेबल ट्रस्ट ने एम्स ऋषिकेश को दान की 10 स्ट्रेचर ट्रॉली
गंभीर मरीजों को शिफ्ट करने में मिलेगी बड़ी राहत

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) 24 अक्टूबर : सामाजिक संस्था गार्गी चेरिटेबल ट्रस्ट, हरिद्वार ने मानव सेवा की भावना का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश को 10 स्ट्रेचर ट्रॉलियां दान स्वरूप भेंट कीं। इस सहयोग से संस्थान में आने वाले गंभीर मरीजों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक शिफ्ट करने में सुविधा मिलेगी।
शुक्रवार को एम्स परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में ट्रस्ट की ओर से यह स्ट्रेचर ट्रॉलियां संस्थान की कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह और चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्याश्री को सौंपी गईं। इन ट्रॉलियों से विशेष रूप से रेफरल होकर एम्स पहुंचने वाले गंभीर मरीजों को जांच और इलाज के दौरान सुगमता से शिफ्ट किया जा सकेगा।
संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि एम्स में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। कई बार गंभीर मरीजों की अधिक संख्या के कारण मौजूदा संसाधन अपर्याप्त हो जाते हैं। ऐसे में गार्गी ट्रस्ट का यह सहयोग अत्यंत उपयोगी और सराहनीय है। उन्होंने ट्रस्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस दान से मरीजों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि गार्गी चेरिटेबल ट्रस्ट ने पिछले वर्ष भी एम्स को 25 व्हीलचेयर दान की थीं, जिनसे उत्तराखंड ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भी सहायता मिल रही है।
कार्यक्रम में उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रवि, डॉ. उदित चौहान, पीपीएस विनीत कुमार, तथा ट्रस्ट के अध्यक्ष सतीश त्यागी, सचिव अभिषेक त्यागी और संरक्षक विकास तिवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









