उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

प्लास्टिक फ्री स्वतंत्रता दिवस की ओर एक सराहनीय पहल: न.पा.प.मुनिकीरेती-ढालवाला ने किया ‘हर घर तिरंगा–हर घर स्वच्छता अभियान’ का शुभारंभ

टिहरी/मुनिकीरेती-ढालवाला, 5 अगस्त 2025—नगर पालिका परिषद मुनिकीरेतीढालवाला द्वारा ‘हर घर तिरंगा–हर घर स्वच्छता’ अभियान के तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु एक अभिनव व प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण ने इस अभियान का विधिवत शुभारंभ करते हुए स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त स्वतंत्रता दिवस मनाने का संकल्प दोहराया।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं को प्रोत्साहन स्वरूप जूट का थैला, मेटल वॉटर बोतल, डायरी एवं पेन की किट प्रदान की गई। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार करते हुए आगामी स्वतंत्रता दिवस को हरित व स्वच्छ रूप में मनाएं।

अभियान की मुख्य गतिविधियाँ:

  • तिरंगा रैली एवं रंगोली प्रतियोगिता: स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं की भागीदारी से देशभक्ति की भावना को प्रबल करने हेतु रंगोली प्रतियोगिता एवं तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा।
  • डोर टू डोर जन-जागरूकता अभियान: प्रत्येक वार्ड में घर-घर जाकर स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर नागरिकों को जागरूक किया जाएगा।
  • संवेदनशील क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण: चिन्हित कचरा प्रभावित क्षेत्रों को सजाया व स्वच्छ किया जाएगा।
  • वोकल फॉर लोकल’ थीम पर तिरंगा मेला: स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने के लिए विशेष तिरंगा मेला आयोजित होगा।
  • आर.आर.आर. केंद्र की स्थापना: ध्वज संग्रहण हेतु RRR (Reduce, Reuse, Recycle) केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिससे कि उपयोग में आए राष्ट्रीय ध्वज का सम्मानपूर्वक संरक्षण किया जा सके।
  • सम्मान समारोह: स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं, पर्यावरण पर्यवेक्षकों, स्वयं सहायता समूहों व अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित 2000 कपड़े के थैले पालिका को भेंट किए गए, जिन्हें घर-घर वितरित किया जाएगा। यह पहल स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त समाज की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

उपस्थित गणमान्य अधिकारी एवं समूह:

इस आयोजन में अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, प्रभारी सफाई निरीक्षक कैलाश चन्द्र सेमवाल, लिपिक  संजय भंडारी, आकाश कैंतूरा, सुपरवाइज़र जितेन्द्र सिंह सजवाण समेत अनेक स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी रही।

मां अन्नपूर्णा, आनंदा, अर्थवण, समदृष्टि, सरगम, नवरत्न, नारी दिशा, पहाड़ी समूह एवं पहाड़ी व्यंजन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने आयोजन को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

निश्चित ही यह प्रयास नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला को एक प्रेरक एवं जनसहभागिता पर आधारित निकाय के रूप में प्रस्तुत करता है, जिसकी स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण की दिशा में की जा रही पहल अत्यंत प्रशंसनीय है।

Related Articles

Back to top button