
देहरादून (दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अब केवल कंटेंट क्रिएटर नहीं, बल्कि “सोशल चेंज मेकर्स” बन चुके हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव की बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने यह बात क्रिएटर्स मीट-2025 को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही।

एक ट्वीट से समाधान संभव
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया की शक्ति का असर शासन व्यवस्था पर भी हुआ है। पहले शिकायत दर्ज कराने के लिए लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जबकि अब एक ट्वीट या संदेश के माध्यम से तत्काल सुनवाई व समाधान संभव है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय सहित विभिन्न विभाग सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं, जिससे प्रशासन और अधिक पारदर्शी और उत्तरदायी बना है।

डिजिटल शासन की नई दृष्टि
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से डिजिटल प्लेटफॉर्म शासन का अभिन्न हिस्सा बने हैं और उत्तराखंड सरकार डिजिटल उत्तराखंड निर्माण हेतु संकल्पबद्ध है।
भ्रामक खबरों पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ लोग अफवाह फैलाकर सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करते हैं। उन्होंने क्रिएटर्स से अपील की कि किसी भी भ्रामक सामग्री का फैक्ट-चेक कर उसे सही सूचना के साथ जनता तक पहुँचाएँ।
नकारात्मक सामग्री से बचने की नसीहत
सीएम धामी ने कहा कि केवल व्यूज़ और फॉलोअर्स की दौड़ में नकारात्मक सामग्री प्रस्तुत करना गलत है। समाज, धर्म, सरकार या प्रदेश की छवि को नुकसान पहुँचाने वाली सामग्री से बचते हुए नैतिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
पर्यटन, संस्कृति और लोक उत्पादों के प्रचार में अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक धरोहर को सोशल मीडिया के माध्यम से राष्ट्रीय पहचान दिलाई जा सकती है। किसी स्थानीय उत्पाद या कारीगर की सकारात्मक कहानी उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला सकती है।
समस्याओं और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन
सीएम धामी ने कहा कि यदि किसी समस्या या जनहित से जुड़ी जानकारी क्रिएटर्स को मिलती है तो वे तत्काल सरकार को अवगत कराएँ। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसी हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई होगी।
विकास में साझेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि “विकल्प रहित संकल्प” के साथ राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने में क्रिएटर समुदाय महत्वपूर्ण सहयोग दे सकता है।
कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जागर गायक प्रीतम भरतवाण सहित देश-प्रदेश से आए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं क्रिएटर्स मौजूद रहे।









