टिहरी गढ़वाल में 1 सितम्बर को सभी विद्यालय व आंगनबाड़ी केन्द्र रहेंगे बंद
मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बाद जिला प्रशासन का बड़ा फैसला


नई टिहरी, 31 अगस्त – भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 31 अगस्त को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 1 सितम्बर (सोमवार) को जनपद टिहरी गढ़वाल में कहीं-कहीं अत्यन्त भारी वर्षा तथा कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ गरज-चमक एवं आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा प्राथमिकता
संभावित आपदा को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने आदेश जारी कर जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय/निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। आदेश के अनुसार 1 सितम्बर को सभी शिक्षण संस्थान पूर्णतः बंद रहेंगे।
उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने पर यदि किसी विद्यालय में घटना घटित होती है तो सम्बन्धित प्रधानाचार्य या प्रबन्धक के विरुद्ध आपदा प्रबन्धन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्यवाही की जाएगी।
अधिकारियों को मिले निर्देश
आदेश की प्रतिलिपि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी सहित सभी उपजिलाधिकारियों एवं शिक्षा विभाग को भेजी गई है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। वहीं, जिला सूचना अधिकारी को आदेश को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
👉 यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा एवं संभावित जोखिम को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।









