उत्तराखंडऋषिकेशचार धाम यात्रा

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने लिया जायजा

त्रिवेणी घाट क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण कर तीर्थयात्रियों से की वार्ता, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 22 मई 2026 को श्रीमान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (प्रथम) महोदया द्वारा ऋषिकेश स्थित त्रिवेणी घाट क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया तथा मौके पर मौजूद तीर्थयात्रियों से संवाद स्थापित कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने त्रिवेणी घाट पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, निगरानी व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि घाट क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निरंतर नजर रखी जाए। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को भी प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर उन्होंने पुलिस चौकी त्रिवेणी घाट में ड्यूटीरत पुलिस कर्मियों, आईटीबीपी तथा जल पुलिस के जवानों का सम्मेलन लिया। सम्मेलन के दौरान चारधाम यात्रा के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा यात्रियों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऋषिकेश पहुंच रहे हैं, ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने सभी ड्यूटीरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान घाट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद दिखाई दी तथा तीर्थयात्रियों ने भी पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रबंधों की सराहना की।

Related Articles

Back to top button