उत्तराखंडऋषिकेश

काले की ढाल आईडीपीएल मारपीट प्रकरण में दो आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा से घूमने आए युवकों के साथ मारपीट और वाहन तोड़फोड़ का मामला, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के काले की ढाल आईडीपीएल इलाके में बाहरी राज्य से घूमने आए युवकों के साथ मारपीट, जानलेवा हमला और वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि घटना में शामिल अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 20 मई 2026 को हरियाणा के कैथल जनपद निवासी सतवीर पुत्र देवा सिंह ने अपने साथियों सोनू, सतीश कुमार, प्रदीप कुमार और विक्रम सिंह के साथ थाना ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वे सभी वाहन संख्या HR08AL-9393 (हुन्डई वेन्यू) से ऋषिकेश घूमने आए थे।

महिला से गलतफहमी के बाद बढ़ा विवाद

प्रार्थना पत्र के मुताबिक, काले की ढाल क्षेत्र में एक महिला से हुई गलतफहमी के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। आरोप है कि इसके बाद कुछ व्यक्तियों ने वादी और उसके साथियों के साथ मारपीट की तथा जानलेवा हमला किया। घटना में पीड़ित पक्ष को चोटें आईं और उनके वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

मामले में थाना ऋषिकेश पर मु0अ0सं0-209/2026 के तहत धारा 109(1), 191(2), 117(2), 351(3), 352 और 324(4) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित हुई टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा लगातार सुरागरसी-पतारसी, साक्ष्य संकलन और आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दो आरोपी गिरफ्तार

दिनांक 22 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भरत विहार ट्रक यूनियन पार्किंग क्षेत्र में दबिश देकर घटना में शामिल दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्त

1. अशोक थापा पुत्र स्व. नरबहादुर, उम्र 47 वर्ष, निवासी गली नंबर-02, काले की ढाल, आईडीपीएल, थाना ऋषिकेश।

2. नरेश कश्यप पुत्र स्व. नत्थू सिंह, उम्र 41 वर्ष, निवासी काले की ढाल, आईडीपीएल, थाना ऋषिकेश।

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी

  • उपनिरीक्षक निखिलेश सिंह बिष्ट
  • कांस्टेबल दिनेश महर
  • कांस्टेबल तेजपाल
  • चालक कांस्टेबल जयवीर
  • कांस्टेबल विकास राणा
  • कांस्टेबल आशुतोष

Related Articles

Back to top button