उत्तराखंडऋषिकेशहादसा

त्रिवेणी घाट पर दर्दनाक हादसा: गंगा में बहकर देहरादून का किशोर लापता

चश्मा पकड़ने के प्रयास में गहरे पानी में गया, तेज धारा में बहा; एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी

ऋषिकेश, 24 मई(दिलीप शर्मा): देहरादून से अपने मित्रों के साथ ऋषिकेश घूमने आए एक किशोर के त्रिवेणी घाट पर गंगा नदी में स्नान के दौरान तेज बहाव में बहकर लापता होने की दुखद घटना सामने आई है। घटना रविवार प्रातः लगभग 7:40 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देहरादून निवासी चार किशोर अपने घरों से मंदिर जाने की बात कहकर ऋषिकेश पहुंचे थे। त्रिवेणी घाट पर स्नान के दौरान एक किशोर का चश्मा गंगा नदी में गिर गया। चश्मा पकड़ने के प्रयास में वह आगे गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक गंगा की तेज धारा की चपेट में आकर बहने लगा। कुछ दूरी तक बहने के बाद किशोर नदी में डूब गया।

 

घाट पर तैनात रेस्क्यू कर्मियों ने आवाज सुनते ही तत्काल गंगा में छलांग लगाकर किशोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर गहन सर्च अभियान चलाया गया। गंगा नदी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण समाचार लिखे जाने तक किशोर का पता नहीं चल सका था।

लापता किशोर की पहचान आयुष थापा पुत्र सुनील थापा, उम्र 17 वर्ष, निवासी ओल्ड कनॉट प्लेस, चकराता रोड, देहरादून के रूप में हुई है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है और वे भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। एसडीआरएफ, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल द्वारा लगातार खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन एवं एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि गंगा नदी में केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी प्रकार का अनावश्यक जोखिम न लें। अभिभावकों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और उन्हें नदी किनारे अकेला न छोड़ने की भी अपील की गई है। प्रशासन ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर और दुखद हादसों का कारण बन सकती है।

Related Articles

Back to top button