विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल से भाजपा प्रतिनिधिमंडल की शिष्टाचार भेंट
क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान व विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग

ऋषिकेश, 19 फरवरी(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल से बुधवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से विधायक को अवगत कराया और समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, जनहित से जुड़े लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण तथा नए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देना आवश्यक है।
विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पार्षद एकांत गोयल, पार्षद अजय दास, पार्षद आशु डंग, पार्षद वीरेंद्र भारद्वाज तथा पार्षद संजय ध्यानी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।









