

ऋषिकेश, 24 मार्च (दिलीप शर्मा): उत्तराखंड सरकार के सफलतापूर्वक चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने राज्य सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिला है।
उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का राज्य में प्रभावी क्रियान्वयन हुआ है। केंद्र और राज्य के समन्वय से विकास कार्यों को नई गति मिली है और जनजीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
डॉ. अग्रवाल ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि सीवर लाइन बिछाने, सड़कों के सुदृढ़ीकरण, पेयजल योजनाओं के विस्तार, मल्टीलेवल सात मंजिला पार्किंग निर्माण और गंगा तट पर घाटों के विकास जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए हैं। इन परियोजनाओं से जहां स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिली है, वहीं पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त करते हुए वर्ष 2027 में पुनः भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया। साथ ही संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, सुरेंद्र सिंह, चंद्रमोहन पोखरियाल, सुरेंद्र बिष्ट, पार्षद आशु डंग, ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, सिमरन उप्पल, राजू दिवाकर, पूर्व पार्षद प्रदीप कोहली, शिवकुमार गौतम, जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, सरदार बलविंदर सिंह सहित जिला एवं मंडल कार्यकारिणी के सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










