उत्तराखंडऋषिकेशजनहित

रायवाला सैनिक कॉलोनी में जनता मिलन कार्यक्रम, विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सुनीं समस्याएं

सड़क निर्माण सहित जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश, 6 सड़कों के प्रस्ताव मांगे

ऋषिकेश/रायवाला 25 मार्च (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के रायवाला स्थित सैनिक कॉलोनी में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन द्वारा उठाई गई समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी को असुविधा न हो।

इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में सड़कों के निर्माण की मांग रखी। इस पर विधायक ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए 6 सड़कों के निर्माण के लिए ग्राम पंचायत से प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रस्ताव प्राप्त होते ही लोक निर्माण विभाग के माध्यम से निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम हो सके।

कार्यक्रम में खांड गांव की ग्राम प्रधान सविता नेगी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बैलवाल, पंचायत सदस्य रेनू बिष्ट, दरम्यान सिंह नेगी, सुदेश कुखशाल सहित उमेद सिंह, भरत सिंह, बलवंत सिंह, किरण बिष्ट, आरती बिष्ट, रामचंद्र रावत एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

अंत में डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button