उत्तराखंडदेहरादूनशुभारंभ

देहरादून–पिथौरागढ़ हवाई सेवा का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से किया उद्घाटन

देहरादून/जौलीग्रांट, 26 मार्च (दिलीप शर्मा): पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। रामनवमी के अवसर पर शुरू हुई इस सेवा से अब दोनों शहरों के बीच यात्रा महज एक घंटे में पूरी हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने इसे सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह सेवा सीमांत क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

आम नागरिक के लिए सुलभ हुई हवाई यात्रा

उड़ान योजना से बदली तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय हवाई यात्रा केवल सम्पन्न वर्ग तक सीमित थी, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई उड़ान स्कीम ने इसे आम जनता के लिए सुलभ बना दिया है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में शुरू की गई इस योजना के तहत छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़कर सस्ती दरों पर सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

UDAN 2.0 को मंजूरी, बढ़ेगी कनेक्टिविटी

29 हजार करोड़ के बजट से 100 नए एयरपोर्ट विकसित होंगे

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने हाल ही में UDAN 2.0 को मंजूरी दी है। इसके तहत अगले 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये के बजट से 100 नए हवाई अड्डों और 200 नए हेलीपैड के विकास का लक्ष्य रखा गया है।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों के साथ-साथ पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में हवाई सेवाओं को मजबूत बनाना है।

उत्तराखंड के लिए ‘लाइफलाइन’ बनी हवाई सेवा

आपदा, स्वास्थ्य और आपूर्ति में मिल रही मदद

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं केवल परिवहन नहीं बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं।

दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने और गंभीर मरीजों को त्वरित इलाज के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में इन सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में उड़ान योजना के तहत राज्य में 26 हवाई मार्ग संचालित हैं, जबकि “उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना” के तहत 6 मार्गों पर नियमित उड़ानें चल रही हैं।

हेलिपोर्ट और हेलीपैड नेटवर्क का विस्तार

चार वर्षों में तेजी से बढ़ा इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है।

राज्य को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुका है।

पिथौरागढ़ को मिलेगा आर्थिक लाभ

सीमांत क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल

नई हवाई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक सीमांत क्षेत्रों की उपेक्षा हुई, लेकिन अब केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इन क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ रही हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि पिथौरागढ़–मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी शुरू की गई है।

नैनी सैनी एयरपोर्ट का होगा विकास

450 करोड़ की लागत से किया जा रहा उन्नयन

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर 450 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही राज्य स्थापना दिवस पर एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया और उत्तराखंड सरकार के बीच नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए एमओयू भी किया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने दी शुभकामनाएं

वीडियो संदेश के जरिए जताया समर्थन

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किनजारपू राम मोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से इस नई सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं और राज्य में हवाई सुविधाओं के विस्तार का आश्वासन दिया।

ये रहे मौजूद प्रमुख जनप्रतिनिधि

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, हेमराज बिष्ट, एलाइंस एयर के सीएमडी अमित कुमार, उकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान एवं एसीईओ संजय टोलिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button