उत्तराखंडऋषिकेशजनहित

ऋषिकेश में जलभराव से राहत की दिशा में बड़ा कदम, 231.65 करोड़ की ड्रेनेज योजना प्रस्तावित

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के प्रयास रंग लाए, गंगानगर से श्यामपुर तक कई क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

ऋषिकेश, 26 मार्च (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के निरंतर प्रयासों के चलते अब इस समस्या के समाधान की प्रक्रिया तेज होती नजर आ रही है।

सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सुरेन श्रीकोटी ने जानकारी देते हुए बताया कि करीब 231.65 करोड़ रुपये की विस्तृत ड्रेनेज योजना का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। इस योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित कर जल निकासी को नालों के माध्यम से सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इस परियोजना से शहरी क्षेत्र के गंगानगर, चंद्रेश्वर नगर, अमित ग्राम, शिवाजी नगर के साथ ही वीरभद्र, श्यामपुर, गुमानीवाला और भल्ला फार्म जैसे क्षेत्रों को विशेष लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। योजना को वित्तीय स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

डॉ. अग्रवाल ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को जल्द स्वीकृति मिलेगी, जिससे ऋषिकेश को भविष्य में जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button