मुनिकीरेती-ढालवाला पालिका की बोर्ड बैठक: तहबाजारी ठेका प्रथा खत्म, आय-व्यय बजट पर मुहर
तहबाजारी अब खुद वसूलेगी पालिका, अतिक्रमण पर लगेगा अंकुश


मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): मुनिकीरेती-ढालवाला नगर पालिका परिषद की शुक्रवार को आयोजित बोर्ड बैठक में तहबाजारी ठेका प्रथा को समाप्त करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि ठेका प्रथा के चलते नगर क्षेत्र में रेहड़ी-फड़ का अतिक्रमण तेजी से बढ़ रहा है, जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है। साथ ही बिना पुलिस सत्यापन के असामाजिक तत्वों की आवाजाही भी बढ़ रही है।
बोर्ड ने तय किया कि अब तहबाजारी की वसूली पालिका स्वयं करेगी, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता और नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुमानित आय 36,50,14,915 रुपये और व्यय 33,36,28,000 रुपये का बजट प्रस्तुत किया गया, जिस पर विस्तार से चर्चा हुई।
पार्किंग शुल्क में 15 प्रतिशत बढ़ोतरी
नगर क्षेत्र की सभी पार्किंगों में 15 प्रतिशत शुल्क वृद्धि कर टेंडर प्रक्रिया से संचालन कराने का निर्णय भी सर्वसम्मति से लिया गया।
डॉग शुल्क लागू करने की तैयारी
पालिका क्षेत्र में आवारा और पालतू श्वानों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए बोर्ड ने पालतू कुत्ते रखने पर शुल्क लगाने का निर्णय लिया। प्रतिबंधित नस्लों के श्वान पालने पर रोक लगाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। इसके लिए जल्द ही उपविधियां (बायलॉज) तैयार की जाएंगी।
चार दुकानों की नीलामी से बढ़ेगा राजस्व
राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से खाराश्रोत पार्किंग के समीप स्थित चार दुकानों की नीलामी करने का निर्णय लिया गया।
सभासदों ने उठाए स्थानीय मुद्दे, दिए विकास प्रस्ताव
बैठक में विभिन्न वार्डों के सभासदों ने क्षेत्रीय समस्याएं और विकास प्रस्ताव रखे—
- वार्ड 01: दुकानों की नीलामी कर राजस्व बढ़ाने का प्रस्ताव।
- वार्ड 02: लक्ष्मण झूला रोड पर खतरनाक ढाल
- सुधारने और जर्जर शौचालय की मरम्मत की मांग।
- वार्ड 03: शीशम झाड़ी क्षेत्र में नई सीवर लाइन बिछाने और गलियों का नामकरण।
- वार्ड 04: कार्यों के बाद मलबा छोड़ने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग।
- वार्ड 05: निगम-पालिका सीमा विवाद के समाधान की मांग।
- वार्ड 06: 14 बीघा क्षेत्र में सीसीटीवी, सड़क मरम्मत और चैंबर सुधार के प्रस्ताव।
- वार्ड 07: बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए 14 बीघा पुल पर फुटपाथ निर्माण और आंदोलनकारियों की मूर्तियां स्थापित करने का सुझाव।
- वार्ड 08: आनंद विहार में सीवर लाइन, सीसी सड़क और जल निकासी कार्य कराने का प्रस्ताव।
- वार्ड 09: राजीव ग्राम में हाईटेक लाइब्रेरी निर्माण की मांग।
- वार्ड 10: बाईपास क्षेत्र में शौचालय, खेल मैदान और सड़कों की मरम्मत की आवश्यकता जताई।
- वार्ड 11: खराब स्ट्रीट लाइट बदलने और कूड़ा वाहन की नियमितता सुनिश्चित करने की मांग।
बैठक में अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी सहित सभी सभासद, प्रशासनिक एवं पालिका कर्मचारी उपस्थित रहे।










