उत्तराखंडऋषिकेशजनहित

रायवाला में पानी के बिल व लीकेज समस्याओं पर सख्त हुए विधायक, विशेष कैंप लगाने के निर्देश

30 मार्च से शुरू होंगे समाधान कैंप, आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

ऋषिकेश, 27 मार्च (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय में जल संस्थान के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर रायवाला क्षेत्र में पानी से जुड़ी समस्याओं पर गंभीर मंथन किया। बैठक में अधिशासी अभियंता राजेश नरवाल, अपर सहायक अभियंता राहुल बिष्ट एवं साइट इंजीनियर देवेंद्र नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान क्षेत्र में पानी के बिलों में अनियमितताओं को लेकर मिल रही शिकायतों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रायवाला में विशेष कैंप आयोजित कर आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

इसके अलावा, क्षेत्र में पानी की पाइपलाइनों में लीकेज की बढ़ती शिकायतों पर भी विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने पानी की बर्बादी रोकने के लिए नियमित निरीक्षण करने तथा लीकेज की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के सख्त निर्देश दिए।

अधिशासी अभियंता राजेश नरवाल ने विधायक को आश्वस्त किया कि 30 मार्च से क्षेत्र में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके साथ ही दो अन्य स्थानों पर भी कैंप आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके।

बैठक में रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, प्रतीत नगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, खांड गांव प्रधान प्रतिनिधि कुलदीप नेगी, गणेश रावत, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सुमन सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Related Articles

Back to top button