उत्तराखंड

सड़क निर्माण घोटाले के आरोपों पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष माधव अग्रवाल का पलटवार

नवीन राणा पर लगाए झूठे आरोपों से बदनाम करने का आरोप, कहा—गबन में मेरी कोई भूमिका नहीं

ऋषिकेश/स्वर्ग आश्रम (दिलीप शर्मा): नगर पंचायत स्वर्ग आश्रम में सड़क निर्माण कार्यों में कथित गबन के आरोपों को लेकर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष माधव अग्रवाल ने प्रेस वार्ता आयोजित कर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने स्थानीय निवासी नवीन राणा द्वारा लगाए गए सभी आरोपों का सिरे से खंडन करते हुए उन्हें निराधार और भ्रामक बताया।

 

माधव अग्रवाल ने कहा कि नगर पंचायत स्वर्ग आश्रम में पूर्व में दो सड़कों का निर्माण कार्य कराया गया था, लेकिन इन कार्यों का भुगतान उनके कार्यकाल समाप्त होने के लगभग छह महीने बाद, प्रशासक के कार्यकाल में किया गया। ऐसे में इन कार्यों में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या गबन से उनका कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नवीन राणा, जो स्वयं पूर्व सभासद रह चुके हैं और जिनकी पत्नी भी नगर पंचायत चुनाव लड़ चुकी हैं, चुनाव में हार के बाद से व्यक्तिगत द्वेष भावना के चलते उन्हें लगातार निशाना बना रहे हैं।

अग्रवाल के अनुसार, राणा सोशल मीडिया के माध्यम से झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।

पूर्व अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि यदि सड़क निर्माण कार्यों में किसी प्रकार का घोटाला या अनियमितता सामने आती है, तो इसके लिए संबंधित ठेकेदार, जूनियर इंजीनियर (जेई) या उस समय के प्रशासक जिम्मेदार होंगे, न कि वे स्वयं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि यदि कोई वित्तीय अनियमितता हुई है, तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अंत में उन्होंने कहा कि वे किसी भी जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं और सत्य सामने आने पर उनकी बेगुनाही साबित होगी।

Related Articles

Back to top button