गंगा स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त अभियान को लेकर निकली जागरूकता रैली
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 और एमआईटी के छठवें एनएसएस शिविर के तहत नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला व एनएसएस यूनिट की पहल


मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 एवं मॉडर्न इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) के छठवें एनएसएस शिविर के अंतर्गत रविवार को एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला और एमआईटी की National Service Scheme (एनएसएस) यूनिट के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई।

कार्यक्रम के तहत सफाई निरीक्षक कमल चौहान के नेतृत्व में एमआईटी ढालवाला की एनएसएस यूनिट तथा नगर पालिका परिषद की टीम जानकी झूला में एकत्रित हुई। यहां से रैली का शुभारंभ किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने “मेरी गंगा-मेरी जिम्मेदारी”, “सिंगल यूज प्लास्टिक बंद करो” और “सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ” जैसे नारों के माध्यम से जनमानस को जागरूक किया।
रैली आस्था पथ से गुजरते हुए गंगा स्वच्छता और सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करती रही। इस दौरान राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सफाई निरीक्षक कमल चौहान ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की। साथ ही प्लास्टिक प्रदूषण के पर्यावरण और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की भी जानकारी दी।
रैली में एमआईटी एनएसएस के समन्वयक डॉ. रितेश जोशी, राजेश चौधरी, योगेश लखेड़ा, नगर पालिका सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण सहित एनएसएस के सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया।










