

ऋषिकेश, 29 मार्च (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए सड़क हादसे में घायल एक महिला की तत्परता से सहायता कर सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. अग्रवाल किसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान डिग्री कॉलेज के समीप हुए एक सड़क हादसे पर उनकी नजर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना देर किए अपना वाहन रुकवाया और तुरंत मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर पहुंचकर उन्होंने घायल महिला का हाल-चाल जाना और उसकी स्थिति को देखते हुए तत्काल अपने वाहन से उसे अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। इतना ही नहीं, उन्होंने अस्पताल में महिला के समुचित उपचार को भी सुनिश्चित कराया, जो उनके संवेदनशील और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होने का परिचायक है।
डॉ. अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि ऐसी परिस्थितियों में हर व्यक्ति का नैतिक दायित्व बनता है कि वह जरूरतमंद की सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और मानवता की भावना को मजबूत करने की अपील भी की।
स्थानीय लोगों ने डॉ. अग्रवाल के इस मानवीय कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का यही कर्तव्य है कि वह हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा रहे। डॉ. अग्रवाल का यह कार्य न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश भी देता है।










