

ऋषिकेश/रायवाला 29 मार्च(दिलीप शर्मा): जल संस्थान द्वारा आयोजित जनसमस्या निवारण कैंप का ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने रविवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैंप में पहुंचे लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से कार्यवाही की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं आनी चाहिए कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष कैंप आयोजित करने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समय पर और सुचारू सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि जल आपूर्ति और बिलिंग से जुड़ी शिकायतों का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता राजेश नरवाल, अपर सहायक अभियंता राहुल बिष्ट, साइट इंजीनियर देवेंद्र नेगी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, प्रतीत नगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।










