

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 35, 36 एवं 37 में हर वर्ष होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए महापौर शम्भू पासवान ने शासन स्तर पर पहल तेज कर दी है। महापौर ने सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग, उत्तराखण्ड शासन को पत्र भेजकर नाली निर्माण हेतु विशेष धनराशि आवंटित करने की मांग की है।
महापौर ने पत्र में अवगत कराया कि इन वार्डों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बरसात के दौरान बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं। इससे स्थानीय लोगों के घरों में पानी घुस जाता है और घरेलू सामान को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं सड़कों पर जमा गंदा पानी बच्चों और बुजुर्गों के आवागमन में बाधा बनता है, साथ ही डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है।
प्रस्तावित परियोजना की कुल लागत लगभग 1.80 करोड़ रुपये आंकी गई है। महापौर ने बताया कि नगर निगम अपने सीमित संसाधनों से 50 लाख रुपये वहन करने को तैयार है, जबकि शेष 1.30 करोड़ रुपये की धनराशि आपदा प्रबंधन विभाग से मांगी गई है।
उन्होंने शासन से आग्रह किया है कि जनहित और संभावित आपदा को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति दी जाए, ताकि आगामी मानसून से पूर्व निर्माण कार्य पूरा कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जा सके।










