सफाई कर्मियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश, राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने की समीक्षा बैठक
मुनिकीरेती-ढालवाला पालिका सभागार में तीन निकायों व विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक, मानदेय, ईपीएफ-ईएसआईसी व लंबित भुगतानों पर हुआ मंथन


मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने सफाई कर्मियों से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए।

राज्य मंत्री के मुनिकीरेती पहुंचने पर पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी अंकित जोशी ने बुके व शॉल भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके उपरांत आयोजित बैठक में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला, नगर पालिका नरेंद्रनगर, नगर पंचायत तपोवन सहित विभिन्न विभागों के सफाई कर्मियों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान राज्य मंत्री ने सफाई कर्मियों के मानदेय, विनियमितिकरण, ईपीएफ, ईएसआईसी, लंबित भुगतानों एवं विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीघ्र ही विशेष कैंप आयोजित कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मैनुअल स्कैवेंजर कर्मियों के सही सर्वेक्षण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को पारदर्शी एवं सटीक आंकड़े प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिशासी अधिकारी मुनिकीरेती को सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने के संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य राकेश पारछा, विशाल बिरला, जयपाल वाल्मीकि, सभासद विनोद सकलानी, प्रद्युमन कृषाली, मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, पुलिस उपनिरीक्षक योगेश चंद्र पांडे, अधिशासी अधिकारी आलम सिंह रावत, सभासद प्रतिनिधि रोहित गोडियाल, सचिन सेलवान सहित विभिन्न संगठनों एवं विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।










