आस्थाउत्तराखंडऋषिकेश

हनुमान जयंती पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विभिन्न मंदिरों में की पूजा-अर्चना

सुंदरकांड पाठ में सहभागिता कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना

ऋषिकेश, 2 अप्रैल (दिलीप शर्मा): हनुमान जयंती के पावन अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शहर के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

इस दौरान उन्होंने रघुनाथ मंदिर (त्रिवेणी घाट), मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर, वैष्णो सेवा आश्रम हनुमान मंदिर, रामानंद आश्रम (मायाकुंड), जयराम आश्रम (हरिद्वार रोड), सोमेश्वर मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर (भरत विहार) और हरियाणा भवन स्थित हनुमान मंदिर (रेलवे रोड) में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। विभिन्न स्थलों पर आयोजित सुंदरकांड पाठ में भी उन्होंने श्रद्धाभाव से भाग लिया।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि हनुमान जयंती का पर्व भगवान हनुमान के अदम्य साहस, निस्वार्थ सेवा और अटूट भक्ति का प्रतीक है। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से इस अवसर पर भाईचारा, सद्भाव और सेवा भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर उन्हें हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दीं। स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान हनुमान की कृपा से उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे और सभी के जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहे।

Related Articles

Back to top button