उत्तराखंडऋषिकेश

ऋषिकेश में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बढ़ाया उत्साह

सीबीएसई 10वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, अभिभावकों की भूमिका को भी सराहा

ऋषिकेश,16 अप्रैल(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल (दसवीं) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले छात्र-छात्राओं को अपने कैंप कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावक भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रों की यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी शॉल ओढ़ाकर, पटका पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार का महत्वपूर्ण योगदान होता है और अभिभावकों का सहयोग ही उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में वैदिक गुप्ता (99.2%), अनिकेत अवस्थी (99%), अक्षत अग्रवाल (98.4%), तनिष्का नेगी (95.6%), राशि बिष्ट (94.8%) एवं रवीना पवार (94%) शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया और इसे बच्चों के लिए प्रेरणादायक बताया।

Related Articles

Back to top button