ऋषिकेश पुलिस की तत्परता: नाबालिग बालिका सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर ले गया था साथ, दुष्कर्म की पुष्टि पर पोक्सो सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

ऋषिकेश,17 अप्रैल(दिलीप शर्मा): कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही घटना में संलिप्त आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पोक्सो अधिनियम समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।
मामले का विवरण:
16 अप्रैल 2026 को वादी सोनू पुत्र सोकत अली, निवासी बनखण्डी ऋषिकेश द्वारा सूचना दी गई कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री 15 अप्रैल को कंप्यूटर क्लास के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस पर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 146/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की कार्रवाई:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में तत्काल पुलिस टीम गठित कर बालिका की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाया।
बरामदगी और गिरफ्तारी:
दिनांक 16/17 अप्रैल की रात्रि में धनौरी पुल, कलियर रोड क्षेत्र से बालिका को सकुशल बरामद किया गया। मौके पर मौजूद युवक ने पूछताछ में अपना नाम रिहान पुत्र शहजाद, निवासी अकबरपुर (थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार) बताया।
जांच में खुलासा:
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस आधार पर मुकदमे में धारा 87, 64(1) बीएनएस के साथ धारा 3/4 पोक्सो अधिनियम की वृद्धि की गई।
आगे की कार्यवाही :
आरोपी को विधिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
- रिहान पुत्र शहजाद, निवासी ग्राम अकबरपुर ढाडेकी, थाना कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार (उम्र 19 वर्ष)
पुलिस टीम:
- उ0नि0 जगमोहन सिंह
- म0उ0नि0 वरसा रमोला
- उ0नि0 राजकुमार
- हे0का0 271 मनोज थपलियाल










