उत्तराखंडऋषिकेशचार धाम यात्रानिरीक्षण

चारधाम यात्रा रजिस्ट्रेशन व्यवस्था का निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर भड़के डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

सफाई, पेयजल, बैठने और चिकित्सा सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश; 24+6 काउंटरों के साथ 10 मोबाइल यूनिट भी रहेंगी सक्रिय

ऋषिकेश,17 अप्रैल(दिलीप शर्मा): चारधाम यात्रा के ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू होने के साथ ही व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान शौचालयों में गंदगी पाए जाने पर डॉ. अग्रवाल ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने रजिस्ट्रेशन काउंटर पर तैनात कर्मचारियों को यात्रियों के साथ शिष्ट और सहयोगपूर्ण व्यवहार रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि यात्रियों के लिए प्रथम उपचार (फर्स्ट एड), स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था तथा गर्मी को देखते हुए पंखों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही लंबी कतारों को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को भी कहा।

प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि रजिस्ट्रेशन के लिए 24 काउंटर आगे और 6 काउंटर पीछे संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 10 मोबाइल काउंटर भी विभिन्न स्थानों पर तैनात किए जाएंगे, जहां 30 कर्मचारियों की टीम मौके पर ही यात्रियों का पंजीकरण करेगी।

डॉ. अग्रवाल ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां 18 अप्रैल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सभी व्यवस्थाएं सुचारू और व्यवस्थित रखने को कहा।

इस दौरान एसडीएम योगेश महरा, विशेष कार्याधिकारी प्रजापति नौटियाल, मुख्य नियंत्रक चारधाम यात्रा मनमोहन सिंह, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button