ऋषिकेश में नाबालिग से छेड़छाड़ व धमकी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
पोक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 19 वर्षीय युवक को दबोचा

ऋषिकेश,21 अप्रैल(दिलीप शर्मा): कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर नाबालिग का पीछा करने, बहला-फुसलाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को 14 बीघा निवासी एक महिला की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि पड़ोस में रहने वाला युवक रेहान उसकी 13 वर्षीय पुत्री का लगातार पीछा कर रहा था तथा उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 149/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78/351(3) और पोक्सो एक्ट की धारा 11/12 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी मोहम्मद रिहान (19 वर्ष), निवासी गुमानीवाला, ऋषिकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 65(2) BNS तथा पोक्सो एक्ट की धारा 5(एल)/6 भी बढ़ाई गई।
पुलिस ने आरोपी को विधिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में शामिल:
उप निरीक्षक वरसा रमोला एवं कांस्टेबल ललित ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।










