उत्तराखंडऋषिकेशशिक्षा

टॉपर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में हिंदुस्तान कंप्यूटर सेंटर ने मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

ऋषिकेश, 08 मई(दिलीप शर्मा): श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश में शुक्रवार को प्रधानाचार्य श्री यमुना प्रसाद त्रिपाठी के नेतृत्व में हिंदुस्तान कंप्यूटर सेंटर द्वारा हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के प्रथम पांच टॉपर छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा हेतु निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित भी किया गया।

कार्यक्रम में हिंदुस्तान कंप्यूटर सेंटर के डायरेक्टर श्री राहुल कुमार ने कहा कि आज के दौर में कंप्यूटर शिक्षा अत्यंत आवश्यक हो गई है। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा केवल टॉपर विद्यार्थियों ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को भी निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा प्रदान की जाएगी, ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी छात्र तकनीकी शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की रुचि एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार विभिन्न कंप्यूटर प्रोग्राम संचालित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान कंप्यूटर सेंटर की शिक्षिका शिवानी ने छात्र-छात्राओं को एडवांस कंप्यूटर शिक्षा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक समय में कंप्यूटर ज्ञान रोजगार एवं करियर निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने के विभिन्न अवसरों के बारे में भी अवगत कराया।

इस अवसर पर एनसीसी के उन कैडेट्स को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑस्ट्रेलिया में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इन कैडेट्स को भी निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा हेतु प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सीनियर एनसीसी अधिकारी लखविंदर सिंह ने हिंदुस्तान कंप्यूटर सेंटर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराना सराहनीय कार्य है, जो विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में कंप्यूटर शिक्षिका प्रियंका, कुंदन सहित विद्यालय के शिक्षक जितेंद्र बिष्ट, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, नीलम जोशी, शालिनी कपूर, रंजन अंथवाल, जगदम्बा थपलियाल, अजय कुमार एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button