उत्तराखंडऋषिकेशशिक्षा

“विद्याभारती केवल शिक्षा नहीं, संस्कारों की साधना है” — डोमेश्वर साहू

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में छात्र संसद एवं कन्या भारती का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, 11 मेधावी छात्र सम्मानित

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश में छात्र संसद एवं कन्या भारती के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सत्र 2025-26 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 11 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विद्या भारती पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू, शिशु शिक्षा समिति के प्रदेश निरीक्षक विनोद रावत, ऋषिकेश नगर निगम के मेयर शंभू पासवान, पार्षद माधवी गुप्ता, विद्यालय प्रबंधक प्रो. गौरव वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्य उमाकांत पंत उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का बेज अलंकरण, टोपी एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12 के छात्र यश नारंग ने देश-विदेश के प्रमुख समाचारों का बुलेटिन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से हाईस्कूल के 7 एवं इंटरमीडिएट के 4 मेरिट होल्डर विद्यार्थियों को पटका पहनाकर एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

 

 

मुख्य अतिथि डोमेश्वर साहू ने अपने संबोधन में कहा कि “विद्याभारती केवल शिक्षा नहीं, संस्कारों की साधना है। संस्था का उद्देश्य राष्ट्रभक्त, संस्कारित एवं चरित्रवान नागरिक तैयार करना है।” उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन एवं सेवा भावना को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।

मेयर शंभू पासवान एवं पार्षद माधवी गुप्ता ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रबंधक प्रो. गौरव वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां शिक्षकों के परिश्रम, अभिभावकों के विश्वास एवं विद्यालय परिवार के सतत प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा एवं संस्कार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा।

विद्या भारती की योजना एवं नीति के अंतर्गत विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना एवं उत्तरदायित्व विकसित करने के उद्देश्य से छात्र संसद एवं कन्या भारती का गठन किया गया। इसी क्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

छात्र संसद में प्रधानमंत्री पद के लिए विनय कुमार, सेनापति पद पर लोकेश पंत तथा छात्र न्यायाधीश पद पर गौरव तिवारी ने शपथ ग्रहण की। वहीं कन्या भारती में प्रमुख पद पर प्रिया भट्ट, अनुशासन प्रमुख मोनालिका शर्मा एवं सेनापति संध्या सहित कुल 201 छात्र-छात्राओं ने शपथ ली। सभी अतिथियों ने छात्र संसद के प्रधानमंत्री एवं कन्या भारती प्रमुख को विशेष रूप से शपथ दिलाई।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना ने बताया कि छात्र संसद एवं कन्या भारती जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में रामगोपाल रतूड़ी ने अतिथियों का परिचय कराया, जबकि संचालन रजनी गर्ग द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूनम अनेजा, वीरेन्द्र कंसवाल, सतीश चौहान, रविन्द्र सिंह परमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button