
ऋषिकेश, 9 मई(दिलीप शर्मा): लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत हिल्टन रैपिड के पास शनिवार सायं लगभग 4 बजे एक युवक के गंगा नदी में डूबने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया गया।
एसडीआरएफ टीम द्वारा नदी में डीप डाइवर उतारे गए हैं तथा सभी संभावित स्थानों पर युवक की खोजबीन की जा रही है। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस एवं जल पुलिस भी मौजूद है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। युवक की तलाश लगातार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक पास स्थित सीताराम आश्रम में कथा सुनने आया हुआ था। इसी दौरान वह अपने एक अन्य साथी के साथ नहाने के लिए नदी किनारे पहुंचा। बताया गया कि जिस स्थान पर दोनों युवक नहा रहे थे, वह प्रतिबंधित घाट क्षेत्र है। नहाते समय युवक अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और नदी में बह गया।
डूबने वाले युवक की पहचान हर्षित उपाध्याय पुत्र नंद किशोर, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम सीमा रिस्टना, भीकियासैंण, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। युवक के पास मिले परिचय पत्र के अनुसार वह श्रीरंगमलक्ष्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, श्रीधाम वृंदावन, जिला मथुरा का छात्र था।
एसडीआरएफ एवं पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नदी किनारे एवं रैपिड क्षेत्र में अत्यधिक सावधानी बरतें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। प्रतिबंधित घाटों पर स्नान करने से बचें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।










