चारधाम यात्रा में मुस्तैद पुलिसकर्मियों का सीओ ऋषिकेश ने बढ़ाया हौसला
ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर लिया फीडबैक, बसों में चलाया सघन चेकिंग अभियान

ऋषिकेश, 09 मई(दिलीप शर्मा): चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर ऋषिकेश पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी (सीओ) ऋषिकेश ने विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर पहुंचकर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाया तथा उनकी समस्याओं और अनुभवों की जानकारी ली।

सीओ ऋषिकेश ने नटराज चौक, रेलवे रोड, घाट चौक, चंद्रभागा पुल तिराहा, आईएसबीटी एवं ट्रांजिट कैंप परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर ड्यूटी के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और विपरीत परिस्थितियों में पुलिसकर्मी जिस समर्पण के साथ ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे हैं, वह सराहनीय है।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी ने चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों से भी मुलाकात कर यात्रा संबंधी उनके अनुभव साझा किए। साथ ही पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि यात्रियों के साथ मधुर व्यवहार बनाए रखें और हर परिस्थिति में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखें।

आईएसबीटी से चारधाम मार्ग के लिए रवाना होने वाली बसों में भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह चेकिंग यात्रियों को सुरक्षा का संदेश देने और यात्रा को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से की गई। यात्रियों को लावारिस वस्तुओं से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तत्काल आपातकालीन सेवा 112 या कंट्रोल रूम को देने के लिए जागरूक किया गया।

सीओ ऋषिकेश ने मुनिकीरेती और लक्ष्मणझूला पुलिस के साथ बेहतर आपसी समन्वय पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










