
ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): गंगा नदी में पूर्व में डूबे एक व्यक्ति की तलाश के दौरान एसडीआरएफ को पशुलोक बैराज क्षेत्र में एक अज्ञात शव बरामद हुआ है। शव को SDRF की डीप डाइविंग टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गंगा नदी में लापता व्यक्ति की खोजबीन के लिए SDRF पोस्ट ढालवाला/ऋषिकेश से डीप डाइविंग टीम को सर्च अभियान पर लगाया गया था। टीम पिछले कई दिनों से गंगा नदी और आसपास के संभावित क्षेत्रों में लगातार सघन तलाशी अभियान चला रही थी।
इसी दौरान शनिवार को सर्च ऑपरेशन के समय SDRF टीम को पशुलोक बैराज क्षेत्र में एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों की मदद से सावधानीपूर्वक शव को पानी से बाहर निकाला। अभियान के दौरान टीम ने पूरी सतर्कता और कुशलता के साथ कार्य करते हुए शव को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।
प्रथम दृष्टया शव करीब 10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि वह काफी समय से पानी में रहा होगा। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है।
SDRF द्वारा शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है। वहीं, पूर्व में डूबे व्यक्तियों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस शव की शिनाख्त और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।










