कथित टेंडर घोटाले का खुलासा, अधिवक्ता ने जान से मारने की साजिश का लगाया आरोप
प्रेस वार्ता में नगर निकाय से जुड़े करोड़ों रुपये के घोटाले और अपहरण प्रयास का दावा

स्वर्गआश्र/पौड़ी,11 मई(दिलीप शर्मा): पूर्व सभासद हिमानी राणा एवं प्रशिक्षु अधिवक्ता शुभम झा ने संयुक्त रूप से मीडिया के समक्ष आयोजित प्रेस वार्ता में वर्तमान अध्यक्ष बिंदिया अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष माधव अग्रवाल, ज्येष्ठ सदस्य चतर सिंह तथा कार्यदायी संस्था Justin Global Services पर कथित रूप से अवैध टेंडर प्रक्रिया अपनाने और करोड़ों रुपये के घोटाले को अंजाम देने के मिडिया के समक्ष पूर्ण शाक्षोँ के साथ गंभीर आरोप लगाए गए।
प्रेस वार्ता के दौरान बताया गया कि विभिन्न कार्यों को नियमों के विपरीत एक ही टेंडर के माध्यम से स्वीकृत किया गया। आरोप है कि बीते 33 महीनों में विभिन्न टेंडरों के जरिए 5 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय अनियमितताओं और घोटालों को अंजाम दिया गया।
प्रशिक्षु अधिवक्ता शुभम झा ने दावा किया कि यह मामला जनहित और नागरिक सतर्कता के तहत उजागर किया गया है। उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रतिपादित नागरिक सतर्कता सिद्धांतों के आधार पर इस पूरे प्रकरण को सार्वजनिक किया गया है।
अधिवक्ता शुभम झा ने यह भी आरोप लगाया कि घोटाले का खुलासा करने के कारण 10 मई 2026 की रात्रि लगभग 8:55 बजे उनका कथित रूप से अपहरण कर जान से मारने का प्रयास किया गया। साथ ही उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया, ताकि कथित साक्ष्यों को नष्ट किया जा सके।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से मांग की गई है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय प्रशासनिक एवं विधिक जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आरोपित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, नगर पंचायत को हुए कथित वित्तीय नुकसान की रिकवरी कराने और शिकायतकर्ता को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है।










