जनता मिलन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 32 से अधिक शिकायतों पर प्रशासन सख्त
प्रभारी जिलाधिकारी वरुणा अग्रवाल ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण और मानसून तैयारियों के निर्देश

टिहरी गढ़वाल,11 मई(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में 32 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं।
जनता दरबार के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही आगामी मानसून को देखते हुए सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए गए।
वन विभाग द्वारा निर्माण तोड़े जाने की शिकायत पर जांच के निर्देश
तहसील घनसाली की पट्टी ढुंगमन्दार स्थित ग्राम स्यूरी (खबोगी) निवासी कलम सिंह ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी पैतृक भूमि पर बनाए जा रहे दो कमरे, गौशाला, बकरवाड़ा, कम्पोस्ट पिट, फूड गार्डन और दुकान के निर्माण कार्य को वन विभाग द्वारा तोड़ा गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी जिलाधिकारी ने एसडीएम घनसाली को दो दिन के भीतर स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की पेयजल लाइन बनी, लेकिन घर तक नहीं पहुंचा पानी
विकासखंड चम्बा के ग्राम डोबरा मल्ला निवासी गंगाधर ने शिकायत की कि ‘जल जीवन मिशन’ के तहत गांव में पेयजल लाइन बिछाई गई है और उन्होंने कनेक्शन भी लिया है, लेकिन उनके घर तक पानी नहीं पहुंच रहा। इस पर जल संस्थान को तत्काल पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
निजी खेतों में सौर ऊर्जा प्लांट लगाने की शिकायत
तहसील जाखणीधार के ग्राम नवाकोट निवासी चण्डी प्रसाद रतूड़ी एवं प्रभाकर रतूड़ी ने शिकायत दर्ज कराई कि सहखातेदार द्वारा उनके निजी खेतों में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित किया जा रहा है। प्रभारी जिलाधिकारी ने तहसीलदार जाखणीधार को दो दिन के भीतर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधूरी सुरक्षा दीवार और खराब सड़क व्यवस्था पर नाराजगी
तहसील घनसाली के ग्राम मोलनौ निवासी दशरथ सिंह ने लोक निर्माण विभाग बौराड़ी नई टिहरी द्वारा अधूरी सुरक्षा दीवार एवं क्रेट वायर लगाए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि दीवार और रास्ता अधूरा होने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर अधिशासी अभियंता लोनिवि को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, सेवा निवृत्त कर्मचारी संघ थत्यूड़ के अध्यक्ष खेमचन्द्र भट्ट ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों पर पैराफिट न होने, गड्ढों की समस्या तथा वर्षों से मरम्मत न होने का मुद्दा उठाया। प्रभारी जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन और समाधान पोर्टल की शिकायतों पर भी जोर
जनता मिलन कार्यक्रम में प्रभारी जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन एवं समाधान पोर्टल पर लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, सीएमओ डॉ श्याम विजय, डीडीओ मो. असलम, सांख्यिकी अधिकारी साक्षी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित










