तहसील दिवस में पेयजल और सड़क समस्याएं छाईं
58 शिकायतों पर सुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

पावकी देवी/टिहरी,12 मई(दिलीप शर्मा): उपतहसील पावकी देवी में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में क्षेत्रवासियों ने पेयजल, सड़क, शिक्षा और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने राजकीय इंटर कॉलेज गूलर दोगी में की।
तहसील दिवस के दौरान कुल 58 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश मामले पेयजल आपूर्ति और सड़क व्यवस्था से संबंधित रहे। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सड़क कटान और निर्माण कार्यों का मुद्दा उठा
क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश कुलिवाल ने ग्राम भांगला घाटी से हैलिपैड (बगीद) तक सड़क कटान से हुई क्षति की जानकारी देते हुए मार्ग निर्माण, क्षतिग्रस्त प्रतिक्षालय के पुनर्निर्माण तथा भैरव मंदिर की सुरक्षा दीवार और रास्ता निर्माण की मांग उठाई।
वहीं, घेराधार ग्रामवासियों ने राजकीय इंटर कॉलेज घेराधार में शिक्षकों एवं लिपिकीय स्टाफ की अत्यधिक अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए परीक्षाओं में नकल पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
अधूरे टैंक निर्माण और पेयजल लाइन देखरेख की मांग
सतेंद्र सिंह पुंडीर ने ग्रामसभा लोयल के कुड़िया तोंक में उत्तराखंड जल निगम मुनिकी रेती द्वारा टैंक निर्माण कार्य अधूरा छोड़े जाने का मामला उठाया।
ग्राम पंचायत चमेली की प्रधान नीलम ने चमेली पेयजल योजना के अंतर्गत पाइपलाइन की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने की मांग की।
बाढ़ सुरक्षा और सड़क डामरीकरण की भी उठी मांग
ग्राम प्रधान घिगुड जगमोहन सिंह ने बरसात के दौरान बाढ़ जैसी स्थिति से बचाव हेतु आपातकालीन सैंड व्यवस्था कराने की मांग रखी।
सिलकणी की ग्राम प्रधान सुमन ने सिलकणी सड़क के डामरीकरण तथा ग्राम पंचायत क्यारा में सिंचाई गूल की मरम्मत की आवश्यकता से प्रशासन को अवगत कराया।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल , जिला पंचायतीराज अधिकारी एम.एम. खान, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराडी, पेय जल निगम के अधिशाषी अधिकारी प्रवीण शाह, सहायक अभियंता दीपक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












