उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनिरीक्षण

चारधाम यात्रा मार्ग पर मेडिकल स्टोरों की जांच, अनियमितताओं पर प्रशासन सख्त

निरीक्षण में नियम उल्लंघन मिलने पर नोटिस जारी, एक प्रतिष्ठान के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति 

टिहरी गढ़वाल,12 मई(दिलीप शर्मा): चारधाम यात्रा मार्ग पर यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने औषधि प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर चम्बा क्षेत्र स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोर एवं औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख, भंडारण व्यवस्था, सीसीटीवी सिस्टम तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच में कई प्रतिष्ठानों पर निर्धारित मानकों एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन पाए गए, जिस पर संबंधित फर्मों को नोटिस जारी कर आवश्यक अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कार्रवाई के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर एक औषधि प्रतिष्ठान के लाइसेंस को निलंबित किए जाने की संस्तुति भी की गई। इसके अलावा निरीक्षण टीम ने पांच औषधि नमूने परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए संग्रहित किए।

औषधि निरीक्षण टीम ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर संचालित मेडिकल स्टोरों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा, ताकि यात्रियों एवं आमजन को सुरक्षित और मानक गुणवत्ता की दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें।

निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी. नेगी एवं औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button