
ऋषिकेश,12 मई(दिलीप शर्मा): देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा डीजल एवं पेट्रोल पर निर्भरता कम करने के आह्वान को आत्मसात करते हुए प्रेमचंद अग्रवाल ने मंगलवार को विभिन्न कार्यक्रमों में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) का उपयोग किया।
डॉ. अग्रवाल अपने निजी आवास से रायवाला, श्यामपुर, लालपानी (खांड गांव), आईडीपीएल तथा ऋषिकेश बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में इलेक्ट्रिक वाहन के माध्यम से पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का बढ़ता उपयोग प्रदूषण नियंत्रण में अहम भूमिका निभाएगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के उद्देश्य से अधिक से अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाएं और स्वच्छ भारत एवं हरित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।










