“पुलिस सेटिंग” के नाम पर 25 लाख की रंगदारी का खुलासा
हत्या के प्रयास व लूट में फंसाने की धमकी देकर कारोबारी से वसूली, मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश/देहरादून(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश में कारोबारी को हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर मुकदमों में फंसाने का भय दिखाकर लाखों रुपये की रंगदारी वसूलने वाले संगठित गिरोह का उत्तराखंड पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए ₹1,83,500 नकद, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।
कारोबारी को मुकदमे में फंसाने की धमकी
कोतवाली ऋषिकेश में दर्ज मुकदमे के अनुसार, गंगानगर निवासी कारोबारी अतुल गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी उन्हें और उनके परिवार को हत्या के प्रयास एवं लूट जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी देकर लगातार दबाव बना रहे थे। मुख्य आरोपी अनुज गोयल स्वयं को पुलिस से “सेटिंग” वाला बताकर मामला दबाने के नाम पर 20 से 25 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
वादी के अनुसार, आरोपियों ने प्रारंभिक तौर पर ₹2 लाख की रकम वसूल ली थी और शेष धनराशि के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0-181/2026 के तहत धारा 318(4), 308(3), 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से खुली साजिश की परतें
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल्स और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की गतिविधियों का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान आरोपी शुभम चौहान की निशानदेही पर उसके घर से ₹1,83,500 नकद बरामद किए गए, जिन्हें वादी से वसूली गई रकम का हिस्सा बताया गया है। पुलिस ने बरामदगी की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से कर नकदी को सील कर कब्जे में लिया।
इसके बाद पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता अनुज गोयल को लच्छीवाला क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पूरी साजिश कारोबारी को भयभीत कर मोटी रकम वसूलने के उद्देश्य से रची गई थी।
मोबाइल से मिले अहम डिजिटल साक्ष्य
पुलिस जांच में आरोपी अनुज गोयल के मोबाइल फोन से धमकी, रुपये की मांग और साजिश से जुड़े व्हाट्सएप कॉल व चैट रिकॉर्ड बरामद हुए हैं। पुलिस को घटना से संबंधित अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। इसके आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 61(2) एवं 308(7) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- अनुज गोयल, निवासी भानियावाला, डोईवाला, देहरादून
- शुभम चौहान, निवासी रानीपोखरी/दोनाली, देहरादून
- आदित्य लोधी, निवासी अमन विहार, डोईवाला
बरामदगी
- ₹1,83,500 नकद
- एक एप्पल आईफोन
- व्हाट्सएप चैट एवं कॉल रिकॉर्ड
- अन्य डिजिटल साक्ष्य सामग्री
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कैलाशचन्द्र भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सिंह रावत, उपनिरीक्षक विकसित पंवार (विवेचक), उपनिरीक्षक दिनेश राणा, उपनिरीक्षक राजकुमार, कांस्टेबल दिनेश महर, कांस्टेबल सौरभ वालिया एवं कांस्टेबल मिथलेश शामिल रहे।










