
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश के वार्ड संख्या-08 मायाकुण्ड क्षेत्र के निवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्य मार्ग के बीचों-बीच लगे बिजली के खंभों को हटाने और उन्हें किनारे शिफ्ट करने का कार्य शुरू हो गया है। यह पहल महापौर शंभू पासवान के प्रयासों और शासन स्तर पर लगातार की गई पैरवी के बाद संभव हो सकी है।

बताया गया कि क्षेत्रीय पार्षद माधवी गुप्ता ने मायाकुण्ड मुख्य मार्ग पर बिजली के खंभों से हो रही समस्या को महापौर के समक्ष उठाया था। सड़क के बीच में लगे इन खंभों के कारण स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को लंबे समय से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए महापौर शंभू पासवान ने उत्तराखण्ड शासन के प्रमुख सचिव (ऊर्जा) आर. मीनाक्षी सुन्दरम को पत्र भेजकर जनहित में बिजली के खंभों को तत्काल शिफ्ट करने का अनुरोध किया था। महापौर के व्यक्तिगत हस्तक्षेप और निरंतर फॉलो-अप के बाद ऊर्जा विभाग (UPCL) द्वारा अब खंभों को सड़क के बीच से हटाकर किनारे स्थानांतरित करने का कार्य धरातल पर शुरू कर दिया गया है।
कार्य स्थल का निरीक्षण करते हुए महापौर शंभू पासवान ने कहा कि शहर की आंतरिक सड़कों को बाधा मुक्त बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मायाकुण्ड मुख्य मार्ग से खंभों के हटने के बाद यातायात सुगम होगा और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
महापौर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्य के दौरान स्थानीय नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो तथा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूर्ण किया जाए।










