बैराज नहर पटरी से 34 टेट्रा पैक अवैध माल्टा शराब के साथ युवक गिरफ्तार
ऋषिकेश पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान जारी, चेकिंग के दौरान आरोपी दबोचा गया

ऋषिकेश/देहरादून(दिलीप शर्मा): जनपद देहरादून में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने बैराज नहर पटरी क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान 34 टेट्रा पैक देशी माल्टा शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध शराब, चरस, स्मैक और गांजा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गठित पुलिस टीम ने 13 मई 2026 को बैराज नहर पटरी ऋषिकेश में चेकिंग के दौरान आरोपी राहुल पुत्र सच्चा को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से ग्राम रहावती थाना बहसूमा, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में आईडीपीएल क्षेत्र ऋषिकेश में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 34 टेट्रा पैक देशी माल्टा शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 188/2026, धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम में कांस्टेबल शिवओम और कांस्टेबल विनीत शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










