उत्तराखंडटिहरी गढ़वालसमीक्षा बैठक

टिहरी में ग्राम्य विकास योजनाओं की समीक्षा, महिलाओं की भागीदारी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश, कीवी, बुरांश, प्लम और बेकरी उत्पादों में संभावनाएं तलाशने के निर्देश

 

टिहरी गढ़वाल (दिलीप शर्मा): भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, टिहरी गढ़वाल में ग्राम्य विकास, स्वरोजगार एवं आजीविका योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार बढ़ाने, महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने तथा स्थानीय उत्पादों के वैल्यू एडिशन पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंत्री भरत चौधरी, किशोर उपाध्याय एवं शक्तिलाल शाह का शाल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि विभिन्न उत्पादन इकाइयों में प्रशिक्षित महिलाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्कूल ड्रेस एवं अन्य संस्थागत यूनिफॉर्म के बड़े स्तर पर उत्पादन की संभावनाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुझाव दिया कि क्राफ्ट्समैन द्वारा कटिंग कार्य और महिलाओं द्वारा स्टिचिंग व फिनिशिंग का कार्य किया जाए, जिससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

मंत्री ने जनपद में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने, मालू के पत्तों से बने पारंपरिक पत्तल के उपयोग को प्रोत्साहित करने तथा यात्रा मार्गों पर इनका प्रयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने प्लम ऑयल उत्पादन इकाइयों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इसके निर्यात से किसानों को बेहतर आय मिल सकती है। साथ ही लिंगड़ा को पूरी तरह ऑर्गेनिक उत्पाद बताते हुए इसके व्यावसायिक उपयोग की संभावनाओं पर बल दिया।

उन्होंने बुरांश के रस को बिना चीनी और पानी मिलाए प्राकृतिक रूप में तैयार करने तथा उसकी आकर्षक पैकेजिंग और वैल्यू एडिशन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बेकरी उद्योग में रोजगार की व्यापक संभावनाएं बताते हुए काउंटर सेल की व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया। पशुपालन क्षेत्र को भी स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक लोगों को इससे जोड़ने की बात कही।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत जनपद में गठित 23,848 लखपति दीदी, कृषि एवं गैर कृषि आधारित उद्यमों से जुड़े 25,880 सदस्यों तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘मेरा ब्लॉक, मेरी योजना’ के तहत प्रत्येक विकासखंड में स्थानीय उत्पादों के स्टॉल स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही अल्ट्रापुअर पैकेज, मुख्यमंत्री उद्यमशील योजना, दीनदयाल ग्रामीण कौशल योजना, पलायन रोकथाम योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत संचालित कार्यों का भी विवरण प्रस्तुत किया गया।

जिला विकास अधिकारी मो. असलम ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनपद में संचालित योजनाओं और स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भिलंगना विकासखंड में मसाला उत्पादन, चंबा में सब्जी उत्पादन एवं पारंपरिक खेती, थौलधार में हर्बल टी, मशरूम एवं मत्स्य पालन, नरेंद्रनगर में ड्रैगन फ्रूट उत्पादन, जौनपुर में बेकरी उत्पाद एवं प्लम मिशन तथा प्रतापनगर में पोल्ट्री, डेयरी और धूप उत्पादन से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

बैठक में राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान, बीजेपी जिलाध्यक्ष उदय रावत, चंबा नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला, पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार, बीजेपी मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, बीजेपी युवा मोर्चा अध्यक्ष मनीष राणा, एसडीएम कमलेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित

Related Articles

Back to top button