मानसून आपदा प्रबंधन को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित
विभागों को तैयारी, मॉक ड्रिल, राहत एवं बचाव व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश

टिहरी गढ़वाल, (दिलीप शर्मा): नितिका खण्डेलवाल एवं इशिता सजवाण की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी मानसून सीजन को देखते हुए विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में आपदा से निपटने के लिए समयबद्ध तैयारी, राहत एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता तथा विभागीय समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मानसून अवधि से पूर्व आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि आपात स्थिति में दूरसंचार सेवाएं बाधित न हों, इसके लिए सैटेलाइट फोन की मॉक ड्रिल आयोजित की जाए। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने गत वर्ष हुए आपदा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किए जाने की आवश्यकता बताई।
बैठक के दौरान शैलेन्द्र सिंह नेगी ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला एवं तहसील स्तर के कंट्रोल रूम नंबर सार्वजनिक करने तथा वहां तैनात कार्मिकों को आपदा के दौरान उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग को जेसीबी मशीनों की लोकेशन एवं ऑपरेटरों के संपर्क नंबर उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य विभाग को एंटी स्नेक वेनम उपचार एवं डेंगू नियंत्रण की तैयारी सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में बच्चों को आपदा के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाने को कहा गया।
इसके अलावा पेयजल विभाग को पाइपलाइन की स्थिति का परीक्षण कर आपदा के दौरान त्वरित मरम्मत व्यवस्था बनाए रखने, विद्युत विभाग को विद्युत लाइनों की नियमित निगरानी करने तथा नगर निकायों को नालियों की सफाई एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस विभाग को खोज एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक उपकरण तैयार रखने तथा अवैध खनन पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संभावित शेल्टर होम के रूप में सामुदायिक केंद्रों, पंचायत घरों एवं विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में हेलीपैडों की स्थिति सुधारने, संवेदनशील स्थलों का चिन्हीकरण करने तथा विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून अवधि में बच्चों की सुरक्षा एवं शिक्षा दोनों को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में वरुणा अग्रवाल, पुनीत तोमर, दीपक कुमार, योगेश कुमार, सतेंद्र राज, मनोज डोभाल, अविशास सैनी, गणेश नौटियाल एवं बृजेश भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










