प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए नियुक्ति अनिवार्य, राजनीतिक दलों को दिए निर्देश
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने बुलाई बैठक, बीएलओ के साथ समन्वय पर जोर

टिहरी गढ़वाल, (दिलीप शर्मा): शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए प्रारूप बीएलए-2 के माध्यम से एक-एक बीएलए की अनिवार्य नियुक्ति करनी होगी। इस दौरान बीएलए नियुक्ति प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई।
एडीएम शैलेन्द्र नेगी ने बताया कि राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव अथवा अधिकृत पदाधिकारी नमूना फार्म आईडी बीएलए-1 के माध्यम से जिला या विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रतिनिधि अधिकृत करेंगे। अधिकृत प्रतिनिधि संबंधित मतदान केंद्रों के लिए फार्म आईडी बीएलए-2 के जरिए बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी बीएलए को एक से अधिक भागों के लिए नियुक्त किया जाता है तो यह नियुक्ति केवल एक ही केंद्र में स्थापित मतदेय स्थलों के लिए मान्य होगी तथा प्रत्येक भाग के लिए अलग-अलग बीएलए-2 प्रपत्र भरना अनिवार्य होगा।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि बीएलए की नियुक्ति पुनरीक्षण एवं गैर-पुनरीक्षण अवधि सहित आगामी वर्षों तक प्रभावी रहेगी, जब तक संबंधित राजनीतिक दल उसे वापस नहीं लेता अथवा संबंधित व्यक्ति उस निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता बना रहता है। साथ ही सरकारी, स्थानीय प्राधिकरण अथवा सार्वजनिक उपक्रमों में कार्यरत व्यक्ति बीएलए नहीं बनाए जा सकेंगे।
प्रशासन की ओर से राजनीतिक दलों से अपेक्षा की गई कि उनके द्वारा नियुक्त बीएलए, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं सत्यापन कार्यों में सहयोग से शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में मदद मिलेगी तथा कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित नहीं रहेगा।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










