ग्राम प्रहरियों को आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण
पुलिस लाइन चंबा में आयोजित कार्यक्रम में 50 ग्राम प्रहरियों ने लिया भाग, एसडीआरएफ और फायर सर्विस टीम ने दी रेस्क्यू एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी

चम्बा/टिहरी(दिलीप शर्मा): एसडीआरएफ (SDRF) उत्तराखंड एवं पुलिस विभाग द्वारा शुक्रवार को पुलिस लाइन चंबा, जनपद टिहरी गढ़वाल में ग्राम प्रहरियों हेतु विशेष आपदा प्रबंधन जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 ग्राम प्रहरियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 20 महिलाएं एवं 30 पुरुष शामिल रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम प्रहरियों को उनके गांव एवं क्षेत्र के प्रति जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना तथा आपदा की स्थिति में पुलिस एवं एसडीआरएफ टीमों की सहायता करने हेतु प्रशिक्षित करना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में भूकंप के दौरान सुरक्षा उपाय, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), ब्लड रोकने के तरीके, सीपीआर (CPR), गला चोक होने की स्थिति में बचाव, इम्प्रोवाइज तरीके से स्ट्रेचर बनाना तथा घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से मूविंग एवं लिफ्टिंग करने जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
इसके अलावा प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) के माध्यम से विभिन्न रेस्क्यू तकनीकों की जानकारी भी दी गई, जिससे ग्राम प्रहरियों को आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्रदान करने के लिए तैयार किया जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थित फायर सर्विस टीम द्वारा आग लगने की घटनाओं से बचाव, अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग एवं आग बुझाने के प्रभावी तरीकों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल सभी ग्राम प्रहरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं जीवनोपयोगी बताया। प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से भविष्य में आपदा की स्थिति में पुलिस एवं एसडीआरएफ टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर बेहतर कार्य किया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान थाना चंबा के एसएचओ, पुलिस लाइन चंबा के पुलिसकर्मी, फायर सर्विस टीम एवं अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों द्वारा एसडीआरएफ एवं अन्य विभागों की कार्यशैली, प्रशिक्षण एवं जागरूकता अभियान की सराहना की गई।
प्रशिक्षण टीम
- हे.का. शैलेंद्र चमोली
- का. पंकज सिंह
- हो.गा. महेश धीमान
- हो.गा. विजय कुमार
- चालक कुलदीप सिंह










