उत्तराखंडऋषिकेश

सिंचाई विभाग कार्यालय के जोशीमठ स्थानांतरण का कर्मचारियों ने किया विरोध

कर्मचारियों ने विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल को सौंपा ज्ञापन, स्थानांतरण रोकने की उठाई मांग

ऋषिकेश,15 मई(दिलीप शर्मा): सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अवस्थापना (पुनर्वास) खंड, ऋषिकेश कार्यालय को जोशीमठ स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में विभागीय कर्मचारियों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल को उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कर्मचारियों ने प्रस्तावित स्थानांतरण से उत्पन्न होने वाली व्यावहारिक एवं मानवीय समस्याओं को विस्तार से रखा। कर्मचारियों का कहना था कि वर्तमान परिस्थितियों में जोशीमठ क्षेत्र में पर्याप्त आवास व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, जिससे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। साथ ही बच्चों की शिक्षा प्रभावित होने, महिला कर्मचारियों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं, पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन तथा चारधाम यात्रा अवधि के दौरान व्यवस्थागत दबाव जैसी समस्याएं भी सामने आएंगी।

इस दौरान विधायक डॉ. अग्रवाल ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता को पत्र प्रेषित कर प्रस्तावित स्थानांतरण पर पुनर्विचार करते हुए इसे रोकने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रशासनिक निर्णय में कर्मचारियों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं मानवीय परिस्थितियों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

इस अवसर पर राकेश चंद्र आर्य (एई), राजेंद्र सिंह पवार (सीईओ), हरिलाल पटेल (वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी), श्रीमती नीलम बर्थवाल (वरिष्ठ सहायक), श्रीमती विजयलक्ष्मी (कनिष्ठ सहायक), दरम्यान सिंह (चतुर्थ श्रेणी), हरीश रावत (चतुर्थ श्रेणी), पार्वती देवी (चतुर्थ श्रेणी) सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button