उत्तराखंडऋषिकेशचार धाम यात्रा

चारधाम यात्रियों के सम्मान और ईंधन अफवाहों पर सख्ती

क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

ऋषिकेश,15 मई(दिलीप शर्मा): चारधाम यात्रा के दौरान क्षेत्र में व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने एवं पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर रोक लगाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश ने शुक्रवार को क्षेत्र के समस्त पेट्रोल पंप संचालकों एवं स्वामियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

बैठक में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने, आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने पर विस्तृत चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाई जाए और न ही किसी अपुष्ट सूचना को सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित किया जाए।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है तथा प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आमजन को किसी भी प्रकार की घबराहट में आने की आवश्यकता नहीं है।

बैठक में चारधाम यात्रा के मद्देनजर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के साथ सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। क्षेत्राधिकारी ने संचालकों से कहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि क्षेत्र की यातायात एवं आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

इस दौरान प्रशासन की ओर से पेट्रोल पंप संचालकों को पूर्ण सुरक्षा एवं हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया गया।

Related Articles

Back to top button