अतिवृष्टिउत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

अतिवृष्टि से फिडोगी-नौघर क्षेत्र में नुकसान, पांच दुकानों में घुसा मलबा

निर्माणाधीन मार्ग से आया भारी मलवा, खेत और भवन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त; जनहानि नहीं

 

टिहरी गढ़वाल,15 मई(दिलीप शर्मा): जनपद के जौनपुर विकासखंड क्षेत्र में शुक्रवार अपराह्न हुई अतिवृष्टि के चलते निर्माणाधीन बिलोन्दीपुल–फिडांगी–धनोल्टी मार्ग से भारी मात्रा में मलवा और गाद बहकर आने से फिडोगी एवं नौघर गांवों के बीच स्थित खाला (ट्रेंच) प्रभावित हो गया। घटना में तीन खेतों और एक भवन के आंगन को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

 

जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन मार्ग से अचानक भारी मात्रा में मलबा आने के कारण सुआखोली–भवान–उत्तरकाशी मोटर मार्ग पर स्थित एक टीन शेड भी क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं मार्ग के दोनों ओर स्थित पांच दुकानों में पानी और मलबा घुसने से नुकसान हुआ है।

उप जिलाधिकारी नीलू चावला ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर प्रशासन नजर बनाए हुए है तथा राज्यमार्ग पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।

Related Articles

Back to top button