
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण की अपील से प्रेरित होकर नगर निगम ऋषिकेश ने हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय पहल की है। इसी क्रम में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर Shambhu Paswan शुक्रवार को अपने आधिकारिक वाहन के बजाय इलेक्ट्रिक (ईवी) स्कूटर से नगर निगम कार्यालय पहुंचे।
महापौर की इस सादगीपूर्ण और प्रेरणादायक पहल को देखकर नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस कदम का उद्देश्य शहर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करना, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करना तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि ऋषिकेश एक पवित्र एवं विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी है, जिसके स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि सभी नागरिक ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटे-छोटे प्रयास करें, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सकता है।
महापौर ने नगर निगम कर्मचारियों से भी अधिकाधिक इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग तथा ऊर्जा संरक्षण को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है और इस दिशा में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।










