उत्तराखंडटिहरी गढ़वालसमीक्षा बैठक

बौराड़ी में एडीबी कार्यों की डीएम ने की समीक्षा

17 मई से खुलेगी फर्नीचर मार्केट, गुणवत्ता सुधार और सुविधाओं पर दिया जोर

टिहरी गढ़वाल,16 मई(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में बौराड़ी क्षेत्र में एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्थानीय व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं दुकानदारों के साथ फर्नीचर मार्केट, कबर्ड मार्केट समेत अन्य स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापारियों ने कार्यों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी टिहरी की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग, जल निगम और ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों की समिति बनाकर कार्यों की गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश दिए।

नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने शौचालय निर्माण के साथ केयर टेकर रूम बनाए जाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने एडीबी अधिकारियों को उक्त प्रस्ताव को डीपीआर में शामिल करने के निर्देश दिए।

बैठक में बौराड़ी क्षेत्र को पहाड़ी शैली की पहचान देने के उद्देश्य से पारंपरिक चित्रण कराने, कबर्ड मार्केट में गेट, सीसीटीवी कैमरे एवं सोलर पैनल लगाने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। वहीं फर्नीचर मार्केट के मुआवजे को लेकर जिलाधिकारी ने रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी ने कबर्ड मार्केट की सीढ़ियों पर टाइल्स लगाने का कार्य तीन दिन के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही 17 मई से फर्नीचर मार्केट खोले जाने पर व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने सहमति जताई।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सजवाण, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, डीटीडीओ एस एस राणा, एडीबी प्रोजेक्ट मैनेजर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button